250 से अधिक कारीगरों और एमएसएमई को ई-कॉमर्स से जोड़ने की पहल, फ्लिपकार्ट समर्थ प्लेटफॉर्म पर डिजिटल बाजार तक पहुंच बढ़ाने की दी जानकारी
जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (जेकेटीपीओ) ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के तत्वावधान में कारीगरों, एमएसएमई और अन्य स्थानीय उद्यमों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से फ्लिपकार्ट समर्थ प्लेटफॉर्म पर वर्चुअल ई-कॉम
250 से अधिक कारीगरों और एमएसएमई को ई-कॉमर्स से जोड़ने की पहल, फ्लिपकार्ट समर्थ प्लेटफॉर्म पर डिजिटल बाजार तक पहुंच बढ़ाने की दी जानकारी


जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (जेकेटीपीओ) ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के तत्वावधान में कारीगरों, एमएसएमई और अन्य स्थानीय उद्यमों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से फ्लिपकार्ट समर्थ प्लेटफॉर्म पर वर्चुअल ई-कॉमर्स सेलर ऑनबोर्डिंग कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से 250 से अधिक कारीगरों, एमएसएमई और उद्यमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत जेकेटीपीओ के प्रबंध निदेशक सुदर्शन कुमार के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने स्थानीय उद्यमों के लिए डिजिटल कॉमर्स के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भौगोलिक सीमाओं को दूर कर उत्पादों की पहुंच और दृश्यता बढ़ाने तथा देशभर के ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद कर सकते हैं।

फ्लिपकार्ट के अंशुल नंदा ने प्रतिभागियों को प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लाभों और कारीगरों व एमएसएमई के लिए उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी दी। इसके बाद फ्लिपकार्ट के आदिल जावेद खान ने फ्लिपकार्ट समर्थ प्लेटफॉर्म पर विस्तृत प्रस्तुति दी और विक्रेताओं को प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी स्थापित करने तथा व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

वर्चुअल सत्र के दौरान प्रतिभागियों को ई-कॉमर्स के लाभों को समझने, अपने सवालों के जवाब प्राप्त करने और फ्लिपकार्ट समर्थ के माध्यम से कारोबार बढ़ाने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी हासिल करने का अवसर मिला। जेकेटीपीओ के अनुसार यह पहल जम्मू-कश्मीर के कारीगरों और एमएसएमई को डिजिटल माध्यम अपनाने, बाजार तक पहुंच मजबूत करने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने के प्रयासों का हिस्सा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा