जाेधपुर के शिवालयों में शिव का अभिषेक, बम-बम भोले के गूंजे जैकारे
श्रावण के दूसरे सोमवार पर मंदिरों में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़ जोधपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। श्रावण के दूसरे सोमवार पर सूर्यनगरी में शिव मंदिर व शिवालयों में अलसुबह से ही बम-बम भोले, हर हर महादेव की गूंज सुनाई देने लग गई। श्रावण के सोमवार के चलते आज श
jodhpur


श्रावण के दूसरे सोमवार पर मंदिरों में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़

जोधपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। श्रावण के दूसरे सोमवार पर सूर्यनगरी में शिव मंदिर व शिवालयों में अलसुबह से ही बम-बम भोले, हर हर महादेव की गूंज सुनाई देने लग गई। श्रावण के सोमवार के चलते आज शिव मंदिरों में काफी भीड़ रही। इस दौरान शिवालयों में दिनभर जलाभिषेक, रूद्राभिषेक और दुग्धाभिषेक के कार्यक्रम चलते रहे। सुबह से ही रूद्रीपाठ और विभिन्न तरहों से अभिषेक का क्रम शुरू हो गया। शिवजी के जलाभिषेक के साथ उन्हें बिल्व पत्र, फल, सहित अन्य चीजें अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में भोलेनाथ की मनमोहक झांकियां सजाई गई।

भोलेनाथ की आराधना के प्रिय महीने श्रावण का आज दूसरा सोमवार मनाया गया। सोमवार पर सवेरे से ही मंदिरों में भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई। भक्तगणों ने शिवालयों में पहुंचकर भोलेनाथ का अभिषेक किया। अलसुबह से ही शिवालयों में बम-बम भोले और हर-हर महादेव गुंजायमान होने लगे। मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें नजर आने लगी। शहर के प्रमुख शिवालयों में केसर, चंदन, बिल्वपत्र, दूध व जल धाराओं से अभिषेक किए गए। महा रूद्राभिषेक के साथ विशेष अनुष्ठान किए गए। देवाधिदेव से बारिश की कामना की गई। कुंवारी कन्याओं, सुहागिन महिलाओं व युवाओं के साथ बच्चों ने भी व्रत रखा। सावन का सोमवार होने के कारण सभी शिव मन्दिरों को विशेष रूप से सजाया गया। यहां दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। सभी मंदिरों में पूरे श्रावण धार्मिक अनुष्ठान का सिलसिला जारी रहेगा।

शहर के भीतर कटला बाजार स्थित अचलनाथ व पातालेश्वर, रातानाडा स्थित गणेश मंदिर, शिव मंदिर पब्लिक पार्क, चांदपोल में सिद्धपीठ, रामेश्वर धाम, भूतेश्वर, पंचेश्वर, गोरेश्वर महादेव मंदिर, जूना खेड़ापति शिव मंदिर, माता का थान, रामसागर चौराहा स्थित मंदिरों में ऋतु पुष्पों का श्रृंगार किया गया। रातानाडा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में सवेरे से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भगवान गणेश सहित रिद्धि सिद्धि का पुष्पों से, कृष्ण मंदिरों में भी ठाकुरजी का विशेष श्रंृगार किया गया। शहर के भीतर प्राचीन कुंज बिहारी मंदिर और अचलनाथ मंदिर में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जैकारे गुंजायमान रहे। कुंज बिहारी मंदिर में भगवान कृष्ण का और अचलनाथ मंदिर में भगवान शिव की धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूजा अर्चना की गई। भौगिशैल पर्वतमाला की गोद में स्थित अति प्राचीन शिवालय भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण के सोमवार को रुद्राभिषेक व विशेष श्रृंगार किया गया। भूतनाथ महादेव मंदिर में अलसुबह ही रुद्राभिषेक का क्रम शुरू हो गया। भक्तजनों ने भांग, रबड़ी, इत्र और पंचामृत स्नान के साथ दुग्धाभिषेक किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश