Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)।
शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सभी 8 लोकसभा सांसदों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सांसदों का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री मोदी से मिला।
बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसदों ने अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों की समस्याएं प्रधानमंत्री के सामने रखीं।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए एनसीपी (एसपी) सांसद अमोल आर. खोले ने बताया कि सभी सांसदों के अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े अलग-अलग मुद्दे थे। इनमें सरकार की नीतियों, नदियों को जोड़ने की योजना, रेलवे और किसानों की कर्जमाफी जैसे मुद्दे शामिल थे।
उन्होंने बताया कि पुणे-नासिक सेमी हाई-स्पीड रेलवे को लेकर भी चर्चा हुई। इस परियोजना के मुद्दे पर हाल ही में बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ था।
अमोल खोले ने कहा कि संसद में लगातार हंगामे के कारण सांसद इन मुद्दों को सदन में नहीं उठा पा रहे थे। इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों की बातें ध्यान से सुनीं। उनका व्यवहार काफी सकारात्मक रहा और उन्होंने इन मुद्दों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के साथ बैठक में संसद की कार्यवाही को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी