Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धौलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा बाइक रैली को अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा बाइक रैली इंदिरा गांधी स्टेडियम बड़ी फील्ड से शुरू हुई। इसमें हाथों में तिरंगा लिए बाइक सवारों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।
बाइक रैली लाल बाजार, पैलेस रोड और गुलाब बाग से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस रैली में प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ आरएसी के जवान शामिल रहे। बाइक सवारों ने तिरंगा लहराते हुए लोगों को हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल देखा गया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर, वाहन और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दे सकता है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। तिरंगा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें लेकर अभियान की वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड करने का भी आग्रह किया। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गौरव के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है। जिला प्रशासन की ओर से अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने और अधिक से अधिक घरों तक तिरंगा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप