Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के साथ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान,सीएम हेल्पलाइन, सीएम मॉनिट, जनसुनवाई और समग्र ई-केवाईसी सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
डॉ. गढ़पाले ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और संतोषजनक निराकरण किया जाए। जिन विभागों में अधिक शिकायतें लंबित हैं, वहां विशेष प्रयास कर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। सभी विभाग बेहतर प्रदर्शन कर ए-ग्रेड प्राप्त करने का प्रयास करें। बैठक में फोर्स क्लोज की गई शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों से कहा गया कि ऐसी शिकायतों की जांच करें और यदि किसी प्रकरण को दोबारा ओपन किया जाना जरूरी है तो संबंधित कार्रवाई दो दिवस में पूरी करें। समग्र ई-केवाईसी की धीमी प्रगति वाली ग्राम पंचायतों में आगामी पांच दिनों तक शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। सचिव और बीआरएस लंबित ई-केवाईसी एवं शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। लगातार बारिश को देखते हुए स्कूल और आंगनवाड़ी भवनों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जर्जर अथवा असुरक्षित भवन मिलने पर बच्चों को सुरक्षित वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित करने को कहा गया। जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश नगर निकायों को दिए गए। संभावित बारिश और आकस्मिक परिस्थितियों को देखते हुए जिला अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों के फिटनेस, सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में स्वरोजगार योजनाओं, डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना, सीएम मॉनिट और जनसुनवाई के आवेदनों की भी समीक्षा हुई। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर 9 से 17 अगस्त तक होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक