डीजे में करंट उतरने से युवक की मौत, विद्युत विभाग के प्रति नागरिकों में गुस्सा
बिजनौर, 10 अगस्त (हि.स.)। जनपद बिजनौर के किरतपुर नगर में आयोजित होने जा रही ''श्री शिव महापुराण कथा'' से पूर्व निकाली जा रही भव्य कलश यात्रा के दौरान हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गई। हवा में लटक रहे बिजली तार की चपेट में आने से युवक की
डीजे में करंट उतरने से युवक की मौत, विद्युत विभाग के प्रति नागरिकों में गुस्सा


बिजनौर, 10 अगस्त (हि.स.)। जनपद बिजनौर के किरतपुर नगर में आयोजित होने जा रही 'श्री शिव महापुराण कथा' से पूर्व निकाली जा रही भव्य कलश यात्रा के दौरान हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गई। हवा में लटक रहे बिजली तार की चपेट में आने से युवक की करंट लगने से जान चली गई।

सोमवार सुबह प्राचीन मंदिर महाकाली सिद्धपीठ से कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई थी। यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए जैसे ही जैन चौराहा पार कर सराफा मार्केट पहुंची, वहां हवा में झूल रहा एक हाईटेंशन विद्युत तार आगे चल रहे डीजे से छू गया। तार के स्पर्श होते ही करंट डीजे में फैल गया। उस समय डीजे को खींच रहे लगभग छह से सात युवक करंट के जोरदार झटके की चपेट में आ गए। झटके महसूस होते ही अधिकांश युवक किसी तरह पीछे हट गए और अपनी जान बचाई। जबकि प्रियांशु राजपूत (21) करंट की सीधी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर उसकी माैके पर ही माैत हाे गई।

घटना के बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों व परिजनों का आरोप है कि कुछ समय पहले विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने क्षेत्र के सुनील नाम के व्यक्ति का बिजली कनेक्शन काटा था। नियमतः कनेक्शन काटने के बाद तार को सुरक्षित तरीके से हटाकर व्यवस्थित किया जाना चाहिए था, लेकिन कर्मचारियों ने तार को हवा में खुला ही लटकता छोड़ दिया। इसी घोर लापरवाही के कारण आज एक युवक की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर जिला अस्पताल भेज दिया है। क्षेत्रीय निवासियों ने पुलिस व प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और बिजली विभाग के दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई दर्ज की जाए।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र