Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने चिकित्सा अधिकारियों के 600 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ कर दिया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने इन पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। भर्ती की विज्ञप्ति जल्द जारी होने की संभावना है।
मंत्री खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में चिकित्सकों सहित विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। खींवसर के अनुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संवर्गों के कुल 39,288 पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 208 चिकित्सा अधिकारी (दंत), 1,699 चिकित्सा अधिकारी और 19,240 अराजपत्रित संवर्ग के पद शामिल हैं।
इसी प्रकार चिकित्सा शिक्षा संवर्ग में सहायक आचार्य के 14 पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 18,126 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि 600 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त चिकित्सकीय मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर है।
खींवसर ने कहा कि 'निरामय राजस्थान' के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और मानव संसाधन की उपलब्धता पर लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि आमजन को अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ही बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित