Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।
नगर निगम जम्मू के आयुक्त डा देवांश यादव ने आज पत्रकारवार्ता करके परेड सब्जी मंडी को लेकर जानकारी दी।
उन्होंने बताया परेड स्थित सब्जी मंडी के कायाकल्प और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सब्जी मंडी का करीब 5.89 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। परियोजना के तहत मंडी में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी जिससे दुकानदारों और यहां आने वाले लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
पुनर्विकास योजना के तहत मंडी में आधुनिक शेड और ग्रेनाइट प्लेटफॉर्म तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा 117 वेंडिंग प्लेटफॉर्म बनाए जाने का प्रस्ताव है जिससे रेहड़ी-फड़ी और अन्य विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
परियोजना के तहत मंडी में जलभराव और गंदगी की समस्या को दूर करने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत मिलने के साथ मंडी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
इसके अलावा मंडी में 44 स्थायी दुकानें भी बनाई जाएंगी। इससे कारोबारियों को व्यवस्थित एवं स्थायी स्थान उपलब्ध होगा और मंडी क्षेत्र को अधिक सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा सकेगा।
पुनर्विकास परियोजना का उद्देश्य परेड सब्जी मंडी में आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता, जल निकासी और व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता