Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

छिंदवाड़ा में मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
छिंदवाड़ा, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संगठन का पुनर्निर्माण केवल पदों के गठन तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन और जनता के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना इसकी महत्वपूर्ण कड़ी है। कांग्रेस बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक ऐसे संगठन के निर्माण की दिशा में काम कर रही है, जो वर्षभर जनता के बीच सक्रिय रहे और उनके मुद्दों को उठाए।
छिंदवाड़ा में सोमवार को छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटियों के मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पूर्व सांसद नकुलनाथ, प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने भी संगठन की मजबूती, कांग्रेस की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
जीतू पटवारी ने कहा कि एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता मजबूत संगठन की नींव होता है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व की भूमिका तथा जनता के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडलम, ब्लॉक और नगर अध्यक्ष संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनता के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को समझना होगा।
दतिया उपचुनाव को बताया कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम
पीसीसी चीफ पटवारी ने दतिया उपचुनाव के परिणाम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे केवल एक विधानसभा क्षेत्र की जीत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार यह परिणाम कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठनात्मक एकजुटता और जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से जनता के बीच जाएं और संगठन एकजुट होकर काम करे, तो पार्टी को जनसमर्थन मिल सकता है।
सरकार के वादों पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने के वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में उन्हें 1,500 रुपये की राशि मिल रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों और रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा। पटवारी ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य सामने रखा था, लेकिन इसके साथ आम लोगों की आय और रोजगार की स्थिति पर भी स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।
एथेनॉल मिश्रण और राम मंदिर दान को लेकर भी आरोप
कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर सरकार की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रण के संबंध में सरकार को देश की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के कुछ सांसदों ने भी एथेनॉल को लेकर सवाल उठाए हैं। राम मंदिर के लिए प्राप्त दान में कथित अनियमितताओं और चोरी का आरोप लगाते हुए पटवारी ने मामले में जवाबदेही की मांग की। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के राजनीतिक बयान के रूप में सामने आए। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जनता सरकार से जवाब चाहती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच उठाने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने पर चर्चा की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से वर्षभर सक्रिय रहकर जनता के बीच काम करने का आह्वान किया। पटवारी ने कहा कि छिंदवाड़ा कांग्रेस का मजबूत संगठनात्मक क्षेत्र रहा है और यहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन एवं जनता से जुड़ाव पार्टी की ताकत हैं। प्रशिक्षण और संगठन के नए सृजन के माध्यम से इस ताकत को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी सुनील जायसवाल, छिंदवाड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्णा जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतिन उइके, विधायक सुनील उइके सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे