Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। नवचयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के वेतन भुगतान में हो रही देरी को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ज्वाइनिंग कर ली है, उनके वेतन भुगतान की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कर शीघ्र वेतन जारी किया जाए। साथ ही नवचयनित अधिकारियों को जल्द पदस्थापन देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मंत्री खींवसर ने कहा कि ज्वाइनिंग कर चुके अधिकारियों को वेतन मिलने में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि नवचयनित अधिकारियों को आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
खींवसर ने कहा कि प्रदेश में संचालित 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' अभियान को प्रभावी बनाने में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करने और आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों की फील्ड में उपलब्धता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रभावी और लगातार कार्रवाई के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के खाद्य सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। नवचयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जल्द पदस्थापन मिलने से जिलों और फील्ड स्तर पर खाद्य पदार्थों की जांच एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित