Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राणा के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार को सुजानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर राजनीतिक द्वेष के चलते कानून का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए कानून का इस्तेमाल कर रही है। मंडल अध्यक्षों ने कहा कि एक ओर कथित तौर पर अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही, जबकि सरकार की नीतियों और 10 गारंटियों पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जा रही है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि 14 जुलाई को हमीरपुर में कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ कथित तौर पर अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, 10 गारंटियों को लेकर सरकार पर सवाल उठाने के बाद भाजपा नेता राजेंद्र राणा के खिलाफ शीघ्र एफआईआर दर्ज कर दी गई। भाजपा ने इसे सरकार का दोहरा मापदंड करार दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन भेजकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता थाने का घेराव करेंगे।
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में भाजपा ने राजेंद्र राणा के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने, राजनीतिक बदले की भावना से कानून के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने, विपक्ष को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा