Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


धार, 10 अगस्त (हि.स. )। मध्य प्रदेश के धार में सावन के दूसरे सोमवार को धार्मिक आस्था और मातृशक्ति की एकजुटता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब शहर में मातृशक्ति संगठन के तत्वावधान में विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई।
कावड़ यात्रा के संयोजक अनिल जैन बाबा एवं माता शक्ति संगठन की अध्यक्ष पप्पी मकवाना के नेतृत्व में यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट की।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ स्थानीय लालबाग से हुआ। पारंपरिक धार्मिक वातावरण के बीच मातृशक्ति कावड़ लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ीं। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण दिखाई दिया।
यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई धारेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ कावड़ यात्रा का समापन हुआ। यहां मातृशक्ति द्वारा प्रयागराज त्रिवेणी संगम के पवित्र जल से भगवान धारेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कावड़ यात्रा के समापन पर मातृशक्ति को प्रसादी के रूप में खिचड़ी वितरित की गई।
कावड़ यात्रा के मीडिया समन्वयक ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मातृशक्ति की इस विशाल कावड़ यात्रा का शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यात्रा मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ यात्रियों का अभिनंदन किया तथा धार्मिक उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।
कावड़ यात्रा में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता ने इसे विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बना दिया। मातृशक्ति ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भारतीय सनातन परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi