भोपालः मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत फंदा ब्लॉक में 14 अगस्त को लगेगा वृहद जनकल्याण शिविर
भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान -2026 के अंतर्गत शुक्रवार, 14 अगस्त को हुजूर तहसील के फंदा विकासखंड में वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आसपास के 30 ग्रामों के नागरिकों की समस्याओ
समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक


भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान -2026 के अंतर्गत शुक्रवार, 14 अगस्त को हुजूर तहसील के फंदा विकासखंड में वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आसपास के 30 ग्रामों के नागरिकों की समस्याओं और ग्राम पंचायतों से संबंधित प्रकरणों का एक ही स्थान पर त्वरित निराकरण किया जाएगा। शिविर के दौरान क्षेत्र के उद्यमियों से संवाद भी स्थापित किया जाएगा।

यह जानकारी भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिविर से पहले अपने-अपने विभाग से संबंधित क्षेत्रों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करें। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों को चिह्नित किया जाए, जिससे शिविर में उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर मिश्रा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राजस्व अधिकारी और जिला अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों और नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। पात्र नागरिकों के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी होगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में नियमित भ्रमण कर निरीक्षण और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करें। अधिकारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, दूरस्थ ग्रामों, शासकीय संस्थानों और निर्माणाधीन विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण करें। भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, राजस्व प्रकरण, किसान आईडी, आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शहर में भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के साथ प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में 11 अगस्त को भोपाल की करोंद मंडी में आयोजित होने वाले बलराम महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा संबद्ध विभागों को प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर