Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 10 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम में परसुडीह थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान खकड़ीपाड़ा इलाके में छापेमारी कर एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब आधा किलो गांजा बरामद किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान गोविंदपुर बजरंगनगर निवासी शशि कुमार भगत के रूप में हुई है। सोमवार को नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खकड़ीपाड़ा क्षेत्र में एक युवक गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर परसुडीह थाना पुलिस की टीम ने इलाके में छापेमारी की और संदिग्ध अवस्था में शशि कुमार भगत को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी के तौर पर काम करता है। आर्थिक परेशानी के कारण वह गांजा की खरीद-बिक्री में शामिल हो गया था। उसके अनुसार, वह गोलमुरी निवासी बबलू सिंह से गांजा खरीदकर लाता था और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करता था।
आरोपित के बयान के आधार पर पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले बबलू सिंह की तलाश में जुट गई है। साथ ही पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और गांजा की आपूर्ति के स्रोत का भी पता लगा रही है।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने अदालत के आदेश पर शशि कुमार भगत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक