ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोरी, किशोर समेत तीन गिरफ्तार
कानपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। अरौल थाना क्षेत्र के मकनपुर में ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को किशोर समेत तीन लाेगाें को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से 300 से अधिक चांदी के आभूषण,
पुलिस की गिरफ्त में शातिर


कानपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। अरौल थाना क्षेत्र के मकनपुर में ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को किशोर समेत तीन लाेगाें को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से 300 से अधिक चांदी के आभूषण, सैमसंग मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद हुई है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एम एम कासिम आबिदी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से पुलिस आरोपितों तक पहुंची। सिघौंली ठेके से करीब 50 मीटर आगे घेराबंदी कर मोहम्मद शरीफ उर्फ छोटू, फहीम गिरफ्तार करते हुए किशोर को पकड़ा है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले मकनपुर स्थित ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की गई थी। आरोपित दुकान से चांदी के आभूषण और नकदी ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए गए।

जांच में आरोपितों की पहचान कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के उसरी गांव निवासी मोहम्मद शरीफ उर्फ छोटू और फहीम के रूप में हुई। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष है। तीसरा आरोपित 15 वर्षीय किशोर रसूलाबाद क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 40 पायल के गुच्छे, 25 मुंदरी, 16 चंद्रमा, पांच ताबीज, 16 जंतर, दो पायल, 82 नग वाली अंगूठियां, 37 महिला अंगूठियां, एक हार, चार सिक्के, 29 तोड़न, दो बिछिया, 18 पेंच और एक चेन में लगे कुंडल समेत 300 से अधिक चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा एक जंग लगी लोहे की रॉड और सैमसंग मोबाइल फोन भी मिला।

पूछताछ में पुलिस को यह पता चला कि मुख्य आरोपित मोहम्मद शरीफ उर्फ छोटू ‘यूपी 77’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाता था। वह पुलिस की गाड़ियों और पुलिसकर्मियों के वीडियो बनाकर उन पर रील अपलोड करता था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ मैनपुरी जिले में चोरी और मारपीट का मुकदमा भी दर्ज है।

पुलिस अब तीनों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वयस्क आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि किशोर के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप