मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी, पिघलाकर जूलर को बेच दी, 24 घंटे में दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। दक्षिणी जिले के ग्रेटर कैलाश-1 स्थित सनातन धर्म सत्संग सभा मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी करने के मामले को पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया। ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने मूर्ति चोरी करने वाले आरोपित मोहित शर्मा (40) को गिरफ्त
चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपित की फोटो


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। दक्षिणी जिले के ग्रेटर कैलाश-1 स्थित सनातन धर्म सत्संग सभा मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी करने के मामले को पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया। ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने मूर्ति चोरी करने वाले आरोपित मोहित शर्मा (40) को गिरफ्तार किया है। चोरी की मूर्ति खरीदने वाले जूलर भारत गांधी (35) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 800 ग्राम पिघली हुई चांदी, मूर्ति बेचने से मिले 1.10 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल मारुति सियाज कार बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने सोमवार को बताया कि लाजपत नगर-4 निवासी मोहित शर्मा ने मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी की थी। इसके बाद उसने मूर्ति को पिघलाकर उसकी पहचान मिटा दी और करोल बाग के जूलर भारत गांधी को चांदी के रूप में बेच दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर कैलाश-1 स्थित मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी होने के संबंध में छह अगस्त को ई-एफआइआर नंबर 80064906/2025 के तहत बीएनएस की धारा 305 में मामला दर्ज किया गया था। जांच के लिए एसआई रविंद्र सिंह, कमलेश, हेड कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल विशाल की टीम बनाई गई। टीम ने मंदिर और आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपित की पहचान की। पूछताछ में मोहित ने कथित तौर पर बताया कि उसने मंदिर से मूर्ति चोरी की और बाद में उसे पिघला दिया। पहचान छिपाने के बाद चांदी को करोल बाग के जूलर को बेच दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जूलर भारत गांधी को पकड़ा और करीब 800 ग्राम पिघली चांदी बरामद की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी