Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इंफाल, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के वर्षभर चलने वाले आयोजन के तहत 5वीं इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी), चिंगरेल ने मेडिलेन फाउंडेशन के सहयोग से सोमवार को बटालियन मुख्यालय में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया।
यह शिविर बटालियन की सामुदायिक पहुंच पहल के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जवानों और स्थानीय लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में आसपास के क्षेत्रों के निवासियों सहित 100 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान मोतियाबिंद की जांच, आंखों और दांतों की जांच तथा रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच की गई। जांच के परिणामों के आधार पर प्रतिभागियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह और मार्गदर्शन भी दिया गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश