Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 10 अगस्त (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ओपीएस में किसी भी स्तर पर कोई बदलाव नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की है और सरकार अपने इस फैसले पर पूरी तरह कायम है।
मुकेश अग्निहोत्री ने यह बात पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे।
पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने इलेक्ट्रिक बस में सफर भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं और इन्हें निर्धारित रूटों पर चलाया जाएगा। जहां-जहां चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो चुके हैं, वहां इन बसों का संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में 1,000 और इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि डीजल बसों की खरीद अब मुख्य रूप से लंबे रूटों के लिए 47 सीटर बसों तक सीमित रखी जाएगी। वहीं, करीब 300 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से एचआरटीसी के बेड़े से हटाया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए पूरे प्रदेश में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। कांगड़ा जिला में धर्मशाला, नगरोटा, जसूर, देहरा, पालमपुर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि जयसिंहपुर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। धर्मशाला, देहरा और नगरोटा को इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।
मेडिकल कॉलेजों और धार्मिक स्थानों के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें
उन्होंने कहा कि पीजीआई, एम्स बिलासपुर, आईजीएमसी शिमला सहित मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख धार्मिक स्थानों के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे लोगों को उपचार के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक स्थलों तक बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने पालमपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मुकेश अग्निहोत्री ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया