Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदामों में कार्यरत ठेका हमाल मजदूरों को स्थायी करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ एफसीआई मजदूर एकता यूनियन जिला समिति धमतरी ने सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल-प्रदर्शन किया। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारियों और मजदूरों ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
यूनियन का कहना है कि एफसीआई के गोदामों में ठेका व्यवस्था के तहत हमाल मजदूर पिछले कई वर्षों से मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी इन श्रमिकों तक समुचित रूप से नहीं पहुंच रहा है। ज्ञापन में पहली मांग के रूप में एफसीआई में कार्यरत सभी हमाल मजदूरों को स्थायी किए जाने की मांग की गई है। साथ ही स्थायीकरण की नीति बनने तक श्रमिकों को कलेक्टर दर के अनुसार मजदूरी देने की मांग रखी गई। तीसरी मांग में भविष्य निधि कार्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में साप्ताहिक श्रम शिविर आयोजित कर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई है।
इसके अलावा धमतरी सहित प्रदेश के प्रत्येक जिले में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा संचालित चिकित्सालय शीघ्र शुरू करने की मांग की गई। पांचवीं और महत्वपूर्ण मांग में एफसीआई में कार्यरत ठेका श्रमिक के कार्यस्थल पर दुर्घटनाग्रस्त होने पर एक लाख रुपये तथा मृत्यु होने की स्थिति में उसके उत्तराधिकारी को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मांग की गई है। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता से विचार करते हुए शीघ्र निराकरण करना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनियन अध्यक्ष रवि कुमार ध्रुव, महासचिव युवराज सिंह साहू, उपाध्यक्ष समीर कुरैशी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा