बासनी स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम शुरू
जोधपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के बासनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक कोच मार्गदर्शन प्रणाली शुरू कर दी गई है। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि बासनी स्टेशन के प
jodhpur


जोधपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के बासनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक कोच मार्गदर्शन प्रणाली शुरू कर दी गई है।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि बासनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 एवं 2 पर 24-24 कोच मार्गदर्शन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा दोनों प्लेटफॉर्म पर एक-एक सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर एक एट ए ग्लांस डिस्प्ले बोर्ड तथा फुट ओवर ब्रिज पर दो डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरी प्रणाली के संचालन के लिए ड्यूल इंडस्ट्रियल पीसी युक्त कंट्रोल कंसोल, 2 केवीए ऑनलाइन यूपीएस तथा एक घंटे के बैटरी बैकअप के साथ 5.5 केवीए यूपीएस भी स्थापित कर चालू कर दिए गए हैं, जिससे प्रणाली का निर्बाध संचालन सुनिश्चित होगा।

उन्होंने बताया कि बासनी रेलवे स्टेशन पर कोच मार्गदर्शन प्रणाली का संचालन वाणिज्य विभाग द्वारा किया जाएगा, जबकि इसके रखरखाव की जिम्मेदारी सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएंडटी) विभाग के पास रहेगी। संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी आने पर वाणिज्य विभाग संबंधित एस एंड टी अधिकारियों को सूचना देकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य स्टेशनों पर भी इस तरह की आधुनिक व्यवस्था प्रारंभ करने का प्रस्ताव है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश