जबलपुर : बरगी बांध में तेजी से बढ़ा जलस्तर, 24 घंटे में 39 इंच की बढ़ोतरी
जबलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के डिंडौरी, अमरकंटक और मंडला क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बरगी बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में सोमवार तक बांध का जलस्तर करीब 39 इंच बढ़ा है। बांध में जंगल क्षेत्र से कर
बरगी बांध में तेजी से बढ़ा जलस्तर, 24 घंटे में 39 इंच की बढ़ोतरी; गेट खुलने की संभावना


जबलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के डिंडौरी, अमरकंटक और मंडला क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बरगी बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में सोमवार तक बांध का जलस्तर करीब 39 इंच बढ़ा है। बांध में जंगल क्षेत्र से करीब 4 हजार घनमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी पहुंच रहा है। ऐसे में आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने पर बांध के गेट खोले जाने की संभावना जताई जा रही है।

वर्तमान में बरगी बांध का जलस्तर 417.20 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि बांध का अधिकतम जलस्तर 422.76 मीटर है। बांध की कुल जलभराव क्षमता का करीब 57 प्रतिशत पानी वर्तमान में मौजूद है। पिछले वर्ष 10 अगस्त तक बांध का जलस्तर 419.15 मीटर दर्ज किया गया था।

बरगी बांध प्रबंधन के अनुसार मंडला, डिंडौरी और आसपास के जलग्रहण क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। यदि 15 अगस्त तक इसी तरह बारिश जारी रहती है तो जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध के गेट खोले जा सकते हैं।

इधर सुबह से जबलपुर शहर में रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस सीजन में पहली बार शहर में अच्छी रिमझिम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं और अगले 24 घंटे में जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

जबलपुर में इस मानसून सीजन में अब तक 346.1 मिलीमीटर (13.62 इंच) बारिश दर्ज की गई है। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि तक 772.3 मिलीमीटर (30.40 इंच) बारिश हो चुकी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक