Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 10 अगस्त (हि.स.)। आवश्यक सामग्रियों के लिए मालगाड़ियों के समयानुकूल परिवहन और कुशल परिचालन के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने जुलाई 2026 के दौरान माल परिवहन में उत्साहजनक वृद्धि दर्ज की है। पूसीरे ने इस महीने के दौरान कुल 1.105 मिलियन टन माल की लोडिंग दर्ज की, जो पिछले वर्ष की उसी अवधि की तुलना में 18.1 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने साेमवार काे बताया कि जुलाई 2026 के दौरान कई प्रमुख सामग्रियों के लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। सीमेंट लोडिंग में 89.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जबकि डोलोमाइट लोडिंग में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 42.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस महीने के दौरान कंटेनर लोडिंग में भी 45.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पेट्रोलियम तेल और लुब्रिकेंट्स (पीओएल) लोडिंग में 3.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इसके अलावा, जुलाई 2026 के दौरान अन्य सामग्रियों के श्रेणी के अधीन विविध वस्तुओं के लोडिंग में 10.0 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जुलाई 2026 तक कुल संचयी माल लोडिंग 4.135 मिलियन टन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 6.9 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
माल लोडिंग में यह निरंतर वृद्धि पूर्वोत्तर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को दर्शाती है। इस सतत वृद्धि ने न केवल क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला नेटवर्क को मजबूत किया है, बल्कि पूसीरे के राजस्व आय में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पूसीरे आगामी महीनों में विश्वसनीय परिवहन और माल की आवाजाही में सतत वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी प्रगति, परिचालन दक्षता और ग्राहक-केंद्रित माल सेवाओं पर जोर दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय