Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में साइकिल खरीद में कथित घोटाले पर चर्चा की मांग को लेकर सोमवार को हंगामा हुआ। इस दौरान सदन से आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायकों को बाहर निकाला गया।
बाहर आकर आआपा विधायक दल के चीफ व्हीप संजीव झा ने विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर सवाल उठाया। संजीव झा ने कहा कि कथित घोटालों को लेकर सवालों के घेरे में आई सरकार का विधानसभा अध्यक्ष बचाव क्यों कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले प्रश्नकाल नहीं रखा और अब किसी मुद्दे पर चर्चा के लिए भी विपक्ष को मौका नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष अपनी बात सदन में नहीं रखेगा तो फिर कहां रखेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि आआपा ने साइकिल खरीद में करीब 70 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का पर्दाफाश किया। उन्होंने कहा कि सदन में सरकार की लूट की वाहवाही करने नहीं आए हैं। सरकार घोटाला कर रही है तो विपक्ष सवाल उठाएगा। विधानसभा अध्यक्ष को इस मुद्दे पर चर्चा करानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी