Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 01 अगस्त (हि.स.)। दून पुलिस ने भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत करोड़ों रुपये की भूमि हड़पने के षड्यंत्र में शामिल एक फरार आरोपित को सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी अधिकार पत्र के आधार पर भूमि पर स्टे लेने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय देहरादून से शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार पटेलनगर निवासी राहुल देव ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा स्व.केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से संपत्ति उनके नाम की थी। वर्ष 2016 में उनके निधन के बाद वर्ष 2024 में वसीयत के आधार पर संपत्ति उनके नाम दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ता को वर्ष 2026 में भूमि की फर्द निकलवाने पर पता चला कि बबीता देवी पत्नी टेक सिंह ने अपने साथियों राजकमल पुत्र रामपाल और मोहम्मद इनाम कुरैशी के साथ मिलकर वर्ष 2025 में स्व. केवल कृष्ण के नाम से कूटरचित अधिकार पत्र/एटार्नी तैयार कराई। आरोप है कि मृत व्यक्ति के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उक्त भूमि पर स्टे लेने के लिए आपत्ति पत्र प्रस्तुत किया गया था।
मामले में पुलिस ने 17 अप्रैल 2026 को कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपिताें की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और बैंकों से संबंधित दस्तावेज जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपित बबीता देवी को पूर्व में 1 जून 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अन्य आरोपित राजकमल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 31 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राजकमल पुत्र स्व. रामपाल को जय कॉलोनी, सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित राजकमल (53) निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश है। पुलिस के अनुसार मामले में पूर्व में गिरफ्तार बबीता देवी (52) निवासी सहारनपुर को जेल भेजा जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय