Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की खिलचीपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात छापीहेड़ा नाके पर कार्रवाई करते हुए 48 भैंसों से ठूस-ठूसकर भरे एक ट्रक को पकड़ा, वहीं मौके से राजस्थान और विदिशा के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात गौसेवक चेतराम गुर्जर और उनके साथियों को राजगढ़ से खिलचीपुर की ओर जा रहे ट्रक एमपी-06 एचसी-8076 पर संदेह हुआ। उन्होंने ट्रक का पीछा करते हुए इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापीहेड़ा नाके पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर 48 भैंसों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूस-ठूसकर भरा हुआ पाया गया। पशुओं के परिवहन में नियमों का पालन नहीं किए जाने पर पुलिस ने मौके से नदीम (32) और भूरा (27), निवासी धौलपुर (राजस्थान) तथा रिजवान (29), निवासी सिरोंज, जिला विदिशा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक में पशुओं के साथ क्रूरता किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भैंसों को किस स्थान से लाया गया था और इन्हें किस गंतव्य तक ले जाया जा रहा था। साथ ही इस मामले में किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक