सिरमौर में पेड़ से टकराई बाइक, पिता की मौत, बेटा घायल
नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (नाहन-पांवटा साहिब) पर शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसा शंभूवाला के पास हुआ, जहां अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किना
सिरमौर में पेड़ से टकराई बाइक, पिता की मौत, बेटा घायल


नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (नाहन-पांवटा साहिब) पर शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसा शंभूवाला के पास हुआ, जहां अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शिलाई क्षेत्र के क्यारी गुंडाह निवासी 60 वर्षीय सानिया राम अपने 20 वर्षीय बेटे जगपाल के साथ मोटरसाइकिल पर किसी काम से नाहन की ओर आ रहे थे। जब वे शंभूवाला के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सानिया राम की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल जगपाल को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद नाहन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर