Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजारपुर जनपद में हलिया थाना क्षेत्र के सिलहटा गांव में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय नाबालिग लड़के की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजन का रो-रोकर बेहाल है।
सिलहटा निवासी रामदयाल का पुत्र सचिन (17) अपनी 15 वर्षीय चचेरी बहन करीना के साथ घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में गाय चरा रहा था। इसी दौरान बूंदाबांदी और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। जिसकी चपेट में आने से सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीना अचेत होकर गिर पड़ी। होश आने पर वह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन सचिन को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. विवेक खरे ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
परिजन ने बताया कि सचिन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई भी एक दिन पहले ही रोजगार के लिए मुंबई गया था। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा