शिक्षक भर्ती-2022 पेपर लीक मामला: मुख्य बिचौलिया सुरेश कासनिया
अभ्यर्थियों को प्रश्न-पत्र दिलाने और तैयारी कराने का झांसा देकर करता था अवैध वसूली
शिक्षक भर्ती-2022 पेपर लीक मामला:मुख्य बिचौलिया सुरेश कासनिया


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक और मुख्य बिचौलिये को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने नागौर जिले के कुचेरा थाना क्षेत्र स्थित कसनियों का बास (देशवाल) निवासी सुरेश कासनिया (30) को गिरफ्तार कर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसी को पूछताछ से पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) विशाल बंसल ने बताया कि पुलिस थाना एसओजी में दर्ज प्रकरण में आरोपित सुरेश कासनिया को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2022 का प्रश्न-पत्र निर्धारित तिथि और समय से पहले लीक करने के प्रयास में आरोपित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांच के अनुसार सुरेश कासनिया ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने और उसकी तैयारी कराने का लालच दिया। इसके बदले परीक्षार्थियों से अवैध रूप से मोटी रकम वसूली गई। आरोपित अभ्यर्थियों और पेपर लीक गिरोह के बीच संपर्क स्थापित कर धनराशि के लेन-देन में अहम भूमिका निभा रहा था।

एसओजी की जांच में सुरेश कासनिया की भूमिका पूरे नेटवर्क में मध्यस्थ (दलाल) के रूप में सामने आई है। वह प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने वाले गिरोह और अभ्यर्थियों के बीच कड़ी बनकर काम करता था तथा अवैध लेन-देन का समन्वय करता था। एजेंसी अब उसके जरिए पूरे नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है।

इस प्रकरण में एसओजी इससे पहले प्रदीप कासनिया और बृजेन्द्र सांगवा उर्फ विज्जू को गिरफ्तार कर चुकी है। सुरेश कसटनिया की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपिताें की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

एसओजी अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से पूछताछ के आधार पर पेपर लीक गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश