Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 1 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा माचलपुर-गोघटपुर रोड पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से जा रही खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। वाहन पलटने से चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय लालसिंह पुत्र देवीलाल, निवासी खारपा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही माचलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का तेज रफ्तार में अनियंत्रित होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस हादसे से खारपा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक