Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 01 अगस्त (हि. स.)। दीपका थाना क्षेत्र के प्रगतिनगर स्थित यूनियन बैंक में पिछली दीवार तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की साजिश रचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कोरबा पुलिस ने आज शनिवार काे पर्दाफाश कर दिया है। मामले में हरियाणा के रोहतक निवासी दो शातिर आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 4 जून 2026 की रात बदमाशों ने यूनियन बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर बैंक के भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया था। हालांकि वे चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर थाना दीपका में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(4) एवं 62 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं।
इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में तलाश शुरू की और अंततः हरियाणा के रोहतक पहुंचकर दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष) एवं परवीन कुमार (36 वर्ष), दोनों निवासी रोहतक (हरियाणा), के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई टोयोटा हाइराइडर कार भी बरामद कर ली है।
दोनों आरोपिताें को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाया गया, जहां शनिवार काे न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की गई।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि संगठित एवं अंतरराज्यीय अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी