एनसीसी कैडेट्स को रक्षा सेवाओं में भर्ती के मेडिकल मानकों की दी गई विस्तृत जानकारी
जम्मू, 01 अगस्त (हि.स.)। नगरोटा स्थित एनटीए परिसर में 5 जम्मू-कश्मीर एनसीसी बटालियन, पुंछ द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (27 जुलाई से 5 अगस्त) के तहत शनिवार को भारतीय रक्षा सेवाओं में प्रवेश के लिए मेडिकल मानक विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोज
NCC cadets were provided with detailed information regarding the medical standards for recruitment into the defense services.


जम्मू, 01 अगस्त (हि.स.)। नगरोटा स्थित एनटीए परिसर में 5 जम्मू-कश्मीर एनसीसी बटालियन, पुंछ द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (27 जुलाई से 5 अगस्त) के तहत शनिवार को भारतीय रक्षा सेवाओं में प्रवेश के लिए मेडिकल मानक विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। व्याख्यान में भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी, चिकित्सक, शिक्षाविद एवं रक्षा विश्लेषक लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) आदर्श शर्मा ने एनसीसी कैडेट्स को सेना, नौसेना और वायुसेना में भर्ती के लिए निर्धारित मेडिकल मानकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भर्ती के दौरान अस्वीकृति का कारण बनने वाली सामान्य चिकित्सीय समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय रहते स्वास्थ्य संबंधी कमियों को दूर करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने मेडिकल फिटनेस से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे जिनका डॉ. शर्मा ने विस्तार से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र में पुंछ और राजौरी जिलों के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों से आए लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अजय ढिल्ल के मार्गदर्शन तथा लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन फोगाट की देखरेख में किया जा रहा है।

दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में सैन्य प्रशिक्षण, खेल प्रतियोगिताएं, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास, साहसिक गतिविधियां तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए मेडिकल मानकों की समय रहते जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है ताकि वे आवश्यक स्वास्थ्य मानकों को पूरा कर अपने चयन की संभावनाओं को बेहतर बना सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा