Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिलीगुड़ी, 01 अगस्त (हि. स.)। मोबाइल चोरी, छिनतई और गुम होने की बढ़ती घटनाओं के बीच सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए 70 खोए हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। शनिवार को सिलीगुड़ी थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह मोबाइल वितरित किए गए।
इस मौके पर एसीपी रॉबिन थापा और सिलीगुड़ी थाना के आईसी प्रवीर दास मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत उठाए जाने वाले जरूरी कदमों के बारे में जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज के समय में मोबाइल फोन में बैंक खाते, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग समेत कई महत्वपूर्ण वित्तीय जानकारियां होती है। ऐसे में मोबाइल खोने पर सिर्फ थाने में शिकायत दर्ज कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि तुरंत संबंधित बैंक को सूचना देकर बैंकिंग सेवाओं और यूपीआई को अस्थायी रूप से बंद या सुरक्षित करना भी बेहद जरूरी है, ताकि साइबर अपराधी किसी तरह का दुरुपयोग न कर सकें।
इधर, मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस की तत्परता व प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार