Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ 01 अगस्त (हि.स.)। सरदार पृथीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए शनिवार को विशाल पौधारोपण अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस मुख्यालय जम्मू-कश्मीर के निर्देशों के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में करीब 500 पौधे पाम, बॉटल ब्रश, शीशम, कैसिया ग्लॉका, सिमारूबा ग्लॉका और बंथरी रोपे गए। इससे पहले 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भी संस्थान में 100 फलदार व छायादार पौधे लगाए गए थे। अभियान का नेतृत्व प्रिंसिपल पीटीएस कठुआ मनजीत कौर जेकेपीएस ने किया। इस मौके पर अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रिंसिपल ने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी को दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने का आह्वान किया। यह पहल परिसर की हरियाली बढ़ाने, जैव विविधता को सुदृढ़ करने और जलवायु परिवर्तन से मुकाबले की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया