Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने किया सावन मेले का शुभारंभ
ग्वालियर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित सावन मेले का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन एवं उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और मेले में आए सैलानी उपस्थित थे।
श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला परिसर में सावन मेला लगाया गया है। इस मेले में आकर्षक झूले, मनोरंजन के साधन, स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल तथा खरीददारी के लिये विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाई गई हैं। मेले में हर आयु वर्ग के लोगों के लिये मनोरंजन और खरीददारी का विशेष आकर्षण उपलब्ध कराया गया है।
मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन एवं उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर ने शहरवासियों से अपील की है कि मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित सावन मेले में आएं और मेले का आनंद उठाएं। सावन मेले के शुभारंभ अवसर पर ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश मुदगल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी व कमल माखीजानी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों ने मेले का भ्रमण कर आनंद उठाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर