Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 01 अगस्त (हि. स.)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर डिसरगढ़ स्थित माँ छिन्नमस्तिका मंदिर से बराकर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर तक जलार्पण के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचई) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने शनिवार को प्राचीन सिद्धेश्वरी मंदिर, बराकर स्टेशन रोड तथा डिसरगढ़–बराकर मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डॉ. पोद्दार ने पूरे कांवरिया मार्ग पर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और मंदिर समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि श्रावण मास आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। राज्य सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा