Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 01 अगस्त (हि. स.)। लगभग दो वर्ष पुराने चर्चित विकास अग्रवाल हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपि वैभव भारती को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक दिन पहले सह-आरोपित जितेंद्र मसीह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित को भी दबोच लिया। दोनों आरोपिताें की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत गंभीर एवं लंबित मामलों में फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 248/2024 के मुख्य आरोपित वैभव भारती को आज शनिवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक विकास अग्रवाल और आरोपित वैभव भारती के बीच लंबे समय से विवाद और आपसी रंजिश थी। आरोपित को संदेह था कि विकास अग्रवाल उसकी बहन पर गलत नजर रखता है। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी जितेंद्र मसीह के साथ मिलकर विकास अग्रवाल की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान दोनों आरोपिताें ने पहले विकास अग्रवाल को अत्यधिक शराब पिलाई। इसके बाद दुकान से चूहे मारने की जहरीली दवा लाकर शराब में मिलाई गई और डिस्पोजेबल गिलास के माध्यम से उसे पिला दिया गया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के बाद दोनों आरोपित लगातार फरार थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उरगा पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर पहले 31 जुलाई 2026 को सह-आरोपी जितेंद्र मसीह को गिरफ्तार किया। इसके बाद मिली अहम जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपित वैभव भारती को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी भी पुलिस को दी है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच, वैज्ञानिक विवेचना, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के चलते फरार आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी