Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 01 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो धर्मशाला की डल लेक में शीघ्र ही आरती शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि डल लेक का अपना धार्मिक एवं पर्यटन महत्व है और यहां वर्षभर पर्यटकों का आवागमन बना रहता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों को सेवा भाव और प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा बरसात के मौसम में लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
नड्डी के सतोबरी में शनिवार को भतल्ला एवं कजलोट पंचायत से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में पठानिया ने यह बात कही। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में भतल्ला एवं तोतारानी में भूस्खलन, गतड़ी सड़क पर विद्युत तारों और पेड़ों से जुड़ी समस्याएं, डल–गद्दी बस्ती संपर्क मार्ग, तोतारानी में एम्बुलेंस सड़क निर्माण, पंचायत घर निर्माण, चांदमारी में भूस्खलन से हुए नुकसान, बर्नेट में शमशान घाट निर्माण तथा डेंजर जोन में आए घरों की सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि दियाड़ा की वर्षों पुरानी सड़क की मांग को पूरा करते हुए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। विद्युत व्यवस्था में सुधार किया गया है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी सामाजिक सहभागिता के साथ सक्रिय भूमिका निभाने और किसी भी आपदा या समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बैठक के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करते हुए शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया।
बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, बीडीओ धर्मशाला अभिनीत कात्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधियों सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया