Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हंदवाड़ा, 01 अगस्त (हि.स.)।
शनिवार को हंदवाड़ा के मावर इलाके में स्कूल के पास मडस्लाइड (मिट्टी खिसकने) के दौरान पास की पहाड़ी से लुढ़ककर आए एक पत्थर की चपेट में आने से नर्सरी में पढ़ने वाले सात साल के एक बच्चे की मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना लंच ब्रेक के दौरान हुई जब मडस्लाइड के बीच पास की पहाड़ी से एक पत्थर लुढ़ककर नीचे आया और स्कूल परिसर के बाहर बच्चे से टकरा गया। उन्होंने बताया कि बच्चे को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलामाबाद ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रेहान अहमद (7) के रूप में हुई जो मावर के खुदी का रहने वाला रियाज़ अहमद डार का बेटा था और नर्सरी का छात्र था।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह