कुलगाम आतंकी हमले और पप्पू यादव से जुड़े मामले के विरोध में बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
Agitation-bajrang-dal-against-
Bajrang


खूंटी , 01 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध और सांसद पप्पू यादव से जुड़े कथित मंदिर दान चोरी प्रकरण को लेकर शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रहित में सख्त कदम उठाने का आह्वान किया। साथ ही सांसद से जुड़े कथित मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग दल के जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने किया। उन्होंने कहा कि कुलगाम में निर्दोष लोगों पर हुआ आतंकी हमला अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकवाद के विरुद्ध और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कर्मवीर महतो ने सांसद पप्पू यादव से जुड़े कथित मंदिर दान चोरी प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि के आचरण पर गंभीर आरोप लगते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के विरोध और राष्ट्रहित के समर्थन में नारे लगाए।

कार्यक्रम में नगर संयोजक अभय साहू, निशांत कुमार, निशांत गोप, कृष कुमार, मनोरंजन स्वांशी, सागर कुमार, श्रीकांत कश्यप, अविनाश मांझी सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा