प्रभारी के सामने पंजाब कांग्रेस की फूट उजागर
- राजा वड़िंग के भाषण पर चन्नी के समर्थन में नारेपटियाला, 01 अगस्त (हि.स.)। पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी शनिवार को एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। पटियाला में आयोजित पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह
प्रभारी के सामने पंजाब कांग्रेस की फूट उजागर


- राजा वड़िंग के भाषण पर चन्नी के समर्थन में नारेपटियाला, 01 अगस्त (हि.स.)। पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी शनिवार को एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। पटियाला में आयोजित पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के संबोधन के बीच कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल भी मौजूद थे, जबकि पटियाला के चार वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी।

राजा वड़िंग के मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं के एक समूह ने “चन्नी लियाओ, पंजाब बचाओ” जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। नारेबाजी के कारण कुछ देर के लिए कार्यक्रम बाधित हो गया। इससे नाराज राजा वड़िंग ने अपना भाषण रोक दिया और नारे लगाने वाले कार्यकर्ताओं से सवाल किया।

वड़िंग ने कुछ कार्यकर्ताओं की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान अन्य कार्यकर्ता भी नारेबाजी में शामिल हो गए और पूरा सभागार चन्नी समर्थक नारों से गूंज उठा। अनुशासन की चेतावनी के बावजूद कार्यकर्ता लगातार चन्नी के समर्थन में नारे लगाते रहे।

पटियाला से मौजूदा सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता भी पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। कार्यक्रम से दूर रहे एक पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को कार्यकर्ताओं की आवाज सुननी चाहिए। कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर केवल नेताओं को महत्व नहीं दिया जा सकता, क्योंकि पार्टी नेताओं से नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं से बनती है।

यह विरोध उस समय हुआ जब कांग्रेस पंजाब में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के अभियान के तहत बैठक कर रही थी। राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम में बाधा डालने और उसकी छवि खराब करने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम अव्यवस्था के बावजूद जारी रहा। वहां मौजूद कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिंता जताई कि पार्टी की अंदरूनी लड़ाई का सीधा फायदा विपक्षी दलों को मिलेगा। एक पूर्व बाजार समिति अध्यक्ष ने कहा कि कुछ महीने पहले राज्य में कांग्रेस की वापसी की चर्चा हो रही थी, लेकिन बढ़ती गुटबाजी से अब आम आदमी पार्टी को लाभ मिल रहा है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब चरणजीत सिंह चन्नी के भूपेश बघेल और राजा वड़िंग के नेतृत्व में चलाए जा रहे संगठनात्मक अभियान से दूरी बनाए रखने की खबरें हैं। चन्नी और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा कथित तौर पर अभियान से जुड़े कई कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए हैं। इससे एक दिन पहले फतेहगढ़ साहिब में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम में भी चन्नी अनुपस्थित रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH