Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 01 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध बिजाट महाराज मंदिर के चोरी हुए स्वर्ण आभूषण पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार मंदिर के भंडारी पर मंदिर के स्वर्ण आभूषण चोरी कर उन्हें बेचने का आरोप है। शिकायत दर्ज होने के बाद चौपाल पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए। मामले का अन्वेषण अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार चौपाल थाना में 28 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत मंदिर के पुजारी श्याम लाल निवासी गांव डिम्मो, डाकघर सरांह तथा वीरेंद्र सिंह और प्रकाश चंद निवासी गांव टियाडी, डाकघर देवत, तहसील एवं थाना चौपाल ने संयुक्त रूप से दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजाट महाराज मंदिर, पबास के भंडारी देवेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय आलम सिंह, निवासी गांव टियाडी, डाकघर देवत, तहसील एवं थाना चौपाल ने मंदिर के स्वर्ण आभूषणों की चोरी कर उन्हें बेच दिया। मंदिर की चाबियां और संपत्ति उसकी अभिरक्षा में थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए स्वर्ण आभूषण बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने पर उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर कानून के अनुसार कार्रवाई की गई।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार मंदिर के स्वर्ण आभूषणों की कीमत करीब आठ से दस लाख रुपये है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मंदिर के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा