Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दंतेवाड़ा, 01 अगस्त (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज शनिवार काे जिला कांग्रेस भवन में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा ने कहा कि बस्तर पंडुम आदिवासी समाज का पारंपरिक सांस्कृतिक पर्व है। यह किसी सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आदिवासी संस्कृति, परंपरा और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस आयोजन को अपनी छवि चमकाने और राजनीतिक प्रचार का माध्यम बना दिया।
बस्तर पंडुम के नाम पर सरकार ने करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार काे अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी समाज के लोगों को दिल्ली, मुंबई या विदेश घुमाए और राष्ट्रपति से मुलाकात कराए, इससे किसी को आपत्ति नहीं है। लेकिन इससे आदिवासी युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा, न ही शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी उनकी समस्याओं का समाधान होगा। बस्तर के युवाओं को दिखावा नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, रोजगार और समान अवसर चाहिए।
छविंद्र कर्मा ने आरोप लगाया कि बस्तर पंडुम के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे के दौरान टेंट, कुर्सी, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं में 6.14 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता हुई है। यदि यही राशि जनहित के कार्यों में खर्च की जाती तो बारिश से क्षतिग्रस्त कई सड़कें, पुल-पुलिया बन सकते थे, और स्थायी सामुदायिक भवनों का निर्माण हो सकता था। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासियों के नाम पर केवल दिखावा कर रही है, जबकि बस्तर के गांवों में आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है। बस्तर के लोग आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं और उन्हें सम्मानजनक विकास के अवसर चाहिए।
कर्मा ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी बस्तर ओलंपिक में ट्रैक सूट खरीद और तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए जूते खरीद जैसे मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगे थे। वहीं पंचायतों के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि नहीं होने का हवाला दिया जाता है, लेकिन सरकारी आयोजनों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि बस्तर पंडुम के आयोजन में हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकार आदिवासी समाज के वास्तविक विकास पर ध्यान दे, युवाओं को रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए तथा जनता के पैसे का उपयोग केवल जनहित के कार्यों में करे।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शकील रिज़वी, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, जिला महामंत्री विवेक देवांगन,जिला, महामंत्री वीरेंद्र गुप्ता, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश महासचिव विमल सलाम, जिला सचिव जीतेन्द्र कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा शोरी, जिला मीडिया प्रभारी मनीष ठाकुर, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गणेश दुर्गा मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे