Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ 01 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कठुआ के औद्योगिक क्षेत्र घाटी स्थित इंडस्ट्रियल बायोटेक पार्क में जेके साइंस टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन काउंसिल और सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस पहल को उत्तर भारत के पहले इंडस्ट्रियल बायोटेक पार्क को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह साझेदारी बायोटेक्नोलॉजी आधारित नवाचार को बढ़ावा देगी, स्टार्टअप्स और कृषि उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगी तथा जम्मू-कश्मीर सहित आसपास के राज्यों में रोजगार, शोध और कौशल विकास के नए अवसर सृजित करेगी। कार्यक्रम में विधायक राजीव जसरोटिया, सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू के निदेशक डॉ. जाबिर अहमद, सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी बबीता रकवाल, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ राजनीतिक नेता और केंद्र व यूटी प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने सीएसआईआर-आईआईआईएम के बायोनेस्ट बायोइन्क्यूबेशन सेंटर घाटी में आयोजित 6 माह के स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। उन्होंने युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इससे पूर्व घाटी मोड़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया