Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी,06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर स्थित वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत प्रयागराज की ओर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पांडेयपुर निवासी विजय कुमार पाल (30), पुत्र राजेंद्र पाल, के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, विजय कुमार पाल रविवार शाम एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। देर रात लौटते समय रूपापुर के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि विजय की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और वेल्डिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिर्जामुराद पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी