Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 06 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के नेरवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध भांग की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 20, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का अनुमान है कि करीब 10 बीघा जमीन पर लगभग 10 लाख भांग के पौधों की अवैध खेती की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार थाना नेरवा में यह मामला एएसआई हरदीप चौहान की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया है कि 5 जुलाई को वह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान टीम को कोफर धार (नगाह) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध भांग की खेती दिखाई दी।
इसके बाद मौके पर मधाना पटवार सर्कल के पटवारी संजय कुमार और वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड मोहन सिंह को बुलाया गया। स्थल का निरीक्षण करने के बाद पटवारी ने बताया कि वह कानूनगो की मौजूदगी में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
पुलिस के जवानों ने इस संबंध में चौपाल के डीएसपी को जानकारी दी। डीएसपी ने निर्देश दिए कि पटवारी की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित भूमि से भांग के कुछ पौधे नमूने के रूप में लिए जाएं और बाकी पौधों को नष्ट कर दिया जाए। पौधों को नष्ट करने के औपचारिक आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।
पटवारी ने मौके पर अवैध भांग की खेती का रकबा करीब 10 बीघा बताया।
पुलिस के अनुसार एक बिस्वा जमीन पर पौधों की गिनती की गई, जिसमें लगभग 5 हज़ार भांग के पौधे मिले। इसी आधार पर पूरे 10 बीघा क्षेत्र में करीब 10 लाख भांग के पौधे होने का अनुमान लगाया गया।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से भांग के 40 पौधे नमूने के रूप में कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले में अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा