Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जलपाईगुड़ी, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के फूलबाड़ी क्षेत्र में एक विवाहिता का शव घर के शयनकक्ष में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुमिता राय बर्मन के रूप में हुई है। वह फूलबाड़ी दो नंबर ग्राम पंचायत के राजीव पाड़ा की निवासी थी।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात भोजन के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति घर से बाहर चले गए। कुछ समय बाद लौटने पर उन्होंने शयनकक्ष में पत्नी को फंदे से लटका हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर मामले को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। न्यू जलपाईगुड़ी थाना मामले की जांच में जुटा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार