आपदा राहत में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करें सभी दल : शांता कुमार
पालमपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बोह में आपदा प्रभावित लोगों से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा राहत और सहायता का आश्वासन दिए जाने पर उनका स्वागत
शांता कुमार


पालमपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बोह में आपदा प्रभावित लोगों से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा राहत और सहायता का आश्वासन दिए जाने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए।

शांता कुमार ने सोमवार को एक बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर एक तस्वीर और समाचार देखकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई, जिसमें भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया और भाजपा की पूर्व विधायक सरवीण चौधरी एक साथ मिलकर बोह के आपदा प्रभावित लोगों की सहायता करते नजर आए। उन्होंने तीनों जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानव सेवा करना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में योगदान देना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता मिल सके।

शांता कुमार ने प्रदेशवासियों से मुख्यमंत्री राहत कोष में अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला