Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर में सहकारी समिति के एक सहायक समिति प्रबंधक को लोकायुक्त पुलिस भोपाल की टीम ने सोमवार को तीन खातों से होल्ड हटाने के बदले 12 हजार 600 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार ग्राम रूपहेड़ा, तहसील जीरापुर निवासी श्यामसुंदर सिंह ने अपने भाई प्रहलाद सिंह और राजेंद्र सिंह के साथ पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल से शिकायत की,जिसमें बताया गया कि सादलपुर के सहायक समिति प्रबंधक राधेश्याम दांगी तीनों भाइयों के खातों से होल्ड हटाने के एवज में प्रति खाते 4 हजार 200 रुपये यानी कुल 12 हजार 600 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद उप पुलिस अधीक्षक अजय मिश्रा के नेतृत्व में ट्रैप दल का गठन किया गया। टीम ने एचडीएफसी बैंक के पास माचलपुर रोड, जीरापुर स्थित आरोपित के निजी कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपित ने शिकायतकर्ता से 12 हजार 600 रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपित राधेश्याम दांगी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी अजय मिश्रा, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, प्रआर.मुकेश पटेल, आर.मुकेश परमार, मनोज मांझी, चैतन्यप्रताप सिंह, हेमेन्द्र पाल, रविन्द्र शर्मा और यशवंत पटेल मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक