Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवती द्वारा सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराने और हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोपालगंज थाना पुलिस ने युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और धारदार हथियार (बका) जब्त कर लिया है। साथ ही युवती की ओर से लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बस स्टैंड परिसर में एक युवती अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद थी। इसी दौरान उसने हाथ में धारदार हथियार लेकर सड़क पर हंगामा किया। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के आधार पर युवती की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और स्कूटी जब्त कर ली। युवती के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण दर्ज होने के बाद युवती सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत देकर अपना पक्ष रखा। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि घटना के समय उसके दोस्त बस स्टैंड के पास सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने, जिन्हें उसने हिंदू संगठन से जुड़ा बताया, उनके साथ अभद्रता की और छेड़छाड़ का प्रयास किया।
युवती का कहना है कि यदि उसकी स्कूटी में रखा हथियार उसके पास नहीं होता तो उसके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती थी। उसका आरोप है कि पहले उसके साथ गाली-गलौज और छेड़छाड़ हुई, लेकिन उस घटनाक्रम का किसी ने वीडियो नहीं बनाया। बाद में जब उसने गुस्से और आत्मरक्षा में प्रतिक्रिया दी तो उसी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी कोई सहायता नहीं की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक ओर सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने के मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे