Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर शहर में सोमवार को बादल-बारिश का मौसम रहा। दोपहर में शहर के कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं लगातार चले बारिश के दौर की वजह से सामान्य बारिश का रिकॉर्ड भी आठ प्रतिशत ज्यादा में पहुंच गया है। लगातार मौसम में हो रहे बदलाव से तापमान मे भी गिरावट दर्ज की गई है।
शहर में लगातार हो रही बारिश के चलते सामान्य बारिश का रिकॉर्ड भी बढ़ गया है। शहर में 26 जुलाई तक शहर में 126.4 एमएम बारिश होती है जो सोमवार सुबह तक 134 एमएम रिकॉर्ड हो चुकी है। जो सामान्य बारिश के आंकड़े से 8 प्रतिशत ज्यादा है। बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया है। ऐसे में तापमान में भी लगातार गिरावट आई है। पिछले सात दिनों में 4 से 5 डिग्री अधिकतम तापमान गिरा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पूरे सप्ताह में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। एक अगस्त तक शहर में बारिश का येलो अलर्ट जारी रहेगा। ऐसे में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र तीव्र होकर डिप्रेशन में बदल चुका है। इस नए सिस्टम के असर से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश की गतिविधियों में एक बार फिर बढ़ोतरी होगी। बंगाल की खाड़ी के इस नए डिप्रेशन तंत्र का व्यापक असर 29 जुलाई से देखने को मिलेगा। 29 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान पूरे प्रदेश में मानसून फिर से पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में मूसलाधार और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश